
सनावद। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 8 बजे विरक्त कुटी आश्रम के पास बालकानंद घाट पर हुई। मृतक की पहचान रविशंकर ] निवासी रामपुर नैकिन, जिला सीधी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
मृतक का मित्र नीरज ने बताया कि रविशंकर पीथमपुर स्थित श्याम सेल्स कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह स्वयं उसी कंपनी में हेल्पर है। बुधवार शाम दोनों इंदौर से बड़वाह आए थे और नावघाट खेड़ी में बाल हनुमान मंदिर के पुजारी व रविशंकर के रिश्तेदार शिवम तिवारी के घर रुके थे। सुबह ओंकारेश्वर जाने का प्लान था, किंतु रविशंकर ने नर्मदा स्नान की इच्छा जताई।
ओंकारेश्वर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा का जल स्तर काफी ऊंचा था। शिवम तिवारी ने जल स्तर का हवाला देकर स्नान करने से मना किया, लेकिन रविशंकर ने कहा कि उसे तैरना आता है। इसके बाद दोनों नदी में उतरे और यह हादसा हो गया।
डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मुख्य घाट से गोताखोर बाबूलाल मंगल, संजय केवट व प्रदीप केवट को बुलाया। गोताखोरों ने तट से करीब 100 फीट दूर गहरे पानी से शव बरामद कर बाहर निकाला।
बड़वाह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़वाह सिविल अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
