चक्काजाम: बिजली नहीं मिलने पर रोका स्टेट हाईवे, स्कूल, यात्री बसें जाम में फंसने से लोग हुए परेशान

ब्यावरा। सुठालिया में मंडी में उपज के भाव नहीं मिलने से नाराज किसानों ने जाम लगा दिया था वहीं दूसरे दिन बुधवार को बिजली नहीं मिलने से नाराज किसानों ने ब्यावरा-सुठालिया मार्ग पर सिलपटी ग्रिड के यहां स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. करीब डेढ़ घंटे तक लगे चक्काजाम में सैकड़ो वाहन फंसे रहे. अनेक स्कूल, यात्री बसे जाम में फंसी रही जिसके कारण यात्रियों, बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे सिलपटी ग्रिड के यहां स्टेट हाईवे पर ग्रामीण एकत्रित हो गये और जाम लगा दिया. इससे आवाजाही पूरी तरह थम गई. ग्रामीणों का कहना था कि बोवनी के बाद सिंचाई की सख्त जरुरत है किंतु बिजली नहीं मिल पाने से सिंचाई नहीं कर पा रहे है. विभाग े के वरिष्ठजनों को अवगत कराने के बाद भी बिजली कटौती में सुधार नहीं होने पर मजबूरन चक्काजाम करना पड़ा है.

मौके पर पहुंचे विद्युत वितरणकंपनी के अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया कि बिजली की नियमित आपूर्ति बहाल की जाएगी. उनके द्वारा प्रतिदिन 10 घंटे बिजली सप्लाई का आश्वासन दिया गया. इसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया.

जिपं अध्यक्ष पहुंचे मौके पर

जानकारी लगते ही जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया मौके पर पहुंचे तथा किसानों का समर्थन करते हुए विद्युत वितरण कंपनी पर बराबर बिजली नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सिंचाई के समय बिजली नहीं मिलने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने मौके पर मौजूद कंपनी के अधिकारी से सुचारु रुप से बिजली सप्लाई करने की बात कही.

दिन में दो घंटे भी बिजली नहीं

किसानों का कहना था कि दिन में बमुश्किल दो घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है. सिंचाई का समय है. बिजली नहीं मिलने से वह सिंचाई नहीं कर पा रहे है. ग्रामीणजन का कहना है कि 24 घंटे में बमुश्किल 2 या अधिकतम 3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है. विभाग का कहना है कि एक और पॉवर विद्युत ट्रांसफार्मर शीघ्र चालू होगा. जिससे समस्या दूर होगी.

पूर्व में घेरा था ग्रिड

दो से तीन घंटे भी बिजली नहीं मिल पाने से परेशान ग्रामीणों ने इसके पूर्व 22 अक्टूबर को भी अपनी समस्या रखते हुए सिलपटी स्थित ग्रिड का घेराव किया था. उस समय विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों द्वारा तीन दिन में समस्या दूर करने का भरोसा दिया गया था किंतु आज दिनांक तक समस्या का हल नहीं होने से मजबूरन चक्काजाम सहारा लेना पड़ा. ग्रीड के तहत आने वाले ग्राम गिंदौरहाट, दलापुरा, पिपलिया खेड़ी, गोवर्धनपुरा, भगोरा, नेटाठारी सहित अन्य गांवों में बिजली की समस्या बनी हुई है.

एक और पॉवर ट्रांसफार्मर रखा

विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार सिलपटी ग्रिड पर वर्तमान में दो 5-5 एमवीए क्षमता के पॉवर विद्युत ट्रांसफार्मर है, एक और 5 एमवीए का पॉवर विद्युत ट्रांसफार्मर यहां रख दिया गया है, उसको चालू करने की प्रक्रिया जारी है. जल्द यह ट्रांसफार्मर काम करना शुरु कर देगा इससे बिजली समस्या दूर हो सकेगी.

Next Post

फर्जी चिकित्सको पर कार्रवाई: 1 क्लीनिक सील, 3 पर सख्ती

Wed Oct 29 , 2025
पारा/झाबुआ। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने नगर में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा कार्य कर रहे क्लिनिको पर कार्रवाई की द्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेंद्र भायल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर कार्रवाई की जाती रही है। डॉ भायल ने […]

You May Like