इंदौर: शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नागरिकों को यातायात प्रबंधन में सहभागी बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक प्रहरी अभियान से जुड़ने वाले जिम्मेदार नागरिकों को सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्हें जैकेट, कैप, लाइट बेटन, सीटी और पहचान बैज प्रदान किए.कार्यक्रम पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें डीसीपी प्रभारी यातायात आनंद कलादगी, एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया सहित अन्य अधिकारी और ट्रैफिक प्रहरी शामिल रहे.
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जनता में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शहर के सुगम व सुरक्षित यातायात में जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है. उन्होंने बताया कि अभियान से जुड़ने वाले नागरिक अपने सुविधानुसार समय और क्षेत्र चुनकर यातायात प्रहरी के रूप में योगदान दे सकते हैं.
इसके लिए इच्छुक नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन गूगल फॉर्म भर सकते हैं.ट्रैफिक प्रहरी के रूप में जुड़ने वाले नागरिक यातायात पुलिस की मदद करते हुए त्योहारों और बड़े समारोहों व कार्यक्रमों के दौरान चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने, नियम उल्लंघन की जानकारी देने, दुर्घटनाओं या जाम की स्थिति में सूचना पहुंचाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में सहयोग देंगे. पुलिस कमिश्नर ने अभियान से जुड़े सभी स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की नहीं, पूरे शहर की जिम्मेदारी है. जागरूक नागरिक ही सुरक्षित यातायात का आधार बन सकते हैं.
