सिटी बस में नवजात को लावारिस छोड़ दंपती हुए फरार

इंदौर:सरवटे बस स्टैंड पर मंगलवार दोपहर एक बस में नवजात शिशु मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही छोटी ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया. पुलिस अब उस दंपती की तलाश में जुटी है, जिसने बच्चे को बस में छोड़कर चुपचाप गायब हो गया.थाना प्रभारी संजू कामले ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे के बाद की है. सरवटे बस स्टैंड से सनावद जाने के लिए बस रवाना होने ही वाली थी, तभी एक दंपती बच्चे को गोद में लिए बस में चढ़े और कुछ देर बाद कंडक्टर से यह कहकर उतर गए कि वे सामान लेने जा रहे हैं.

कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि बस में चढ़ते समय दंपती के हाथ में नवजात था, लेकिन उतरते वक्त वह बच्चा उनके पास नहीं था. भीड़ अधिक होने के कारण वह इस बात पर ध्यान नहीं दे पाया. जब काफी देर तक वे नहीं लौटे, तो यात्रियों ने कंडक्टर को सीट के पास कुछ दिखने की बात बताई. जांच में सामने आया कि दंपती बस के आगे वाले दरवाजे से चढ़े और पीछे बने दरवाजे से उतर गए, ताकि किसी को शक न हो.

कंडक्टर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची छोटी ग्वालटोली पुलिस ने नवजात को अस्पताल भिजवाया और बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. कामले का कहना है कि दंपती की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा, फिलहाल नवजात को चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है.

Next Post

ट्रैफिक प्रहरी अभियान में शामिल नागरिकों को किया सम्मानित

Wed Oct 29 , 2025
इंदौर: शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नागरिकों को यातायात प्रबंधन में सहभागी बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक प्रहरी अभियान से जुड़ने वाले जिम्मेदार नागरिकों को सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्हें जैकेट, कैप, लाइट बेटन, सीटी और पहचान बैज प्रदान किए.कार्यक्रम पुलिस आयुक्त […]

You May Like

मनोरंजन