राधाकृष्णन ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी से मुलाकात की, हिंद महासागर में स्थिरता का लिया संकल्प

विक्टोरिया, 17 अक्टूबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी से मुलाकात की, जहाँ दोनों नेताओं ने भारत और सेशेल्स के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत और विस्तारित करने के तरीकों पर चर्चा की।

भारत सरकार और जनता की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए श्री राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति हर्मिनी को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी।

उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने हिंद महासागर क्षेत्र और व्यापक वैश्विक दक्षिण में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

इससे पहले उपराष्ट्रपति ने स्टेट हाउस में सेशेल्स के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लै से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। राधाकृष्णन ने श्री पिल्लै को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दोनों नेताओं ने साझा विरासत, संस्कृति और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित बहुआयामी भारत-सेशेल्स संबंधों पर चर्चा की।”

श्री राधाकृष्णन रविवार को विक्टोरिया के यूनिटी स्टेडियम में राष्ट्रपति हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर प्रसन्नता हुई। भारत सरकार और लोगों की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ।”

उन्होंने आगे कहा ” यह यात्रा सेशेल्स के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। दोनों देशों के बीच मज़बूत रक्षा और विकास संबंध हैं, और भारत इस द्वीपीय राष्ट्र में कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे और क्षमता निर्माण परियोजनाओं का समर्थन करता है।”

श्री राधाकृष्णन और हर्मिनी के बीच हुई चर्चाओं ने क्षेत्रीय स्थिरता और साझा समृद्धि को बढ़ाने के उनके आपसी संकल्प पर ज़ोर दिया। सेशेल्स में उपराष्ट्रपति की उपस्थिति इस द्वीपीय राष्ट्र के साथ भारत की स्थायी मित्रता और वैश्विक दक्षिण के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।

अपनी यात्रा के दौरान श्री राधाकृष्णन ने सेशेल्स में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की और दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी साझेदारी पर प्रकाश डाला।

 

Next Post

70 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या 

Mon Oct 27 , 2025
छतरपुर। बिजावर थाना क्षेत्र के ग्राम भारतपुरा में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 70 वर्षीय वृद्ध घमंडी अहिरवार की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वृद्ध रविवार रात अपने खेत पर सोने गए थे और सुबह जब ग्रामीणों ने […]

You May Like