
ग्वालियर। क्षत्रिय छीपा सूर्यवंशी समाज समिति, ग्वालियर द्वारा दीवाली मिलन एवं अन्नकूट समारोह का आयोजन किया गया। समाज के सभी वर्गों बुजुर्ग, मातृशक्ति, युवा और बाल वर्ग की उपस्थिति ने कार्यक्रम को एकता और अपनत्व का उत्सव बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद भारत सिंह कुशवाह एवं प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तो उसकी प्रगति और पहचान स्वतः ऊँचाइयों को छूती है। समाज की सच्ची ताकत उसकी एकता, शिक्षा और संस्कारों में निहित होती है।
अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और सम्मान प्रतीक भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में समाज के बुजुर्गों का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने जीवनभर अपने कर्म और संस्कारों से समाज को दिशा दी है। समाज के मेधावी बच्चों को प्रतिभा सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रेरक वक्तव्य और सामूहिक अन्नकूट प्रसादी के साथ पूरा वातावरण भक्ति, उत्साह और सद्भाव से भर गया।
सभा में समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से संकल्प लिया कि हम सब मिलकर अपने समाज को शिक्षा, संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ाएँगे।
