
अनूपपुर। जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में न्यायपालिका से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है। वरिष्ठ न्यायाधीश एवं प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट अमनदीप सिंह छावड़ा के शासकीय आवास पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने पथराव किया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना 24 अक्टूबर की रात लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। न्यायाधीश अपने परिवार के साथ आवास में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर अश्लील गालियाँ दीं और कहा, “कैसे मजिस्ट्रेटी करते हो, देख लेंगे, जान से मार देंगे।” आरोपियों ने आवास के गेट लैम्प और दीवार में लगे लोहे के एंगल तोड़ दिए और आँगन में पथराव किया।
न्यायाधीश जब बाहर निकले, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने तत्काल भालूमाड़ा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 2023 की धाराओं 224, 296, 324, 331(6), 333 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
