इंदौर: अब गर्भावस्था के दौरान या प्रसव के बाद महिलाओं को डॉक्टर या स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर नहीं लगाने होंगे. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम मध्यप्रदेश ने महिलाओं की सुविधा के लिए एआई आधारित सुमन सखी चैटबॉट शुरू किया है, जो वॉट्सएप पर हिंदी में 24 घंटे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देगा.स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत शुरू की गई इस डिजिटल पहल से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं लाभान्वित होंगी.
महिलाएं गर्भावस्था से जुड़ी किसी भी समस्या, खानपान, उच्च जोखिम स्थितियों या प्रसव पूर्व देखभाल संबंधी प्रश्न इस चैटबॉट से पूछ सकती हैं. सुमन सखी चैटबॉट से जुड़ने के लिए महिलाओं को वॉट्सएप नंबर पर हिंदी में अपना प्रश्न भेजना होगा. एआई सिस्टम सवाल को समझकर तुरंत समाधान या मार्गदर्शन देगा. यह चैटबॉट राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम और एनएचएम मध्यप्रदेश के संयुक्त प्रयास से तैयार किया है. यह चैटबॉट सिर्फ स्वास्थ्य सलाह तक सीमित नहीं रहेगा. इसके जरिए सरकारी स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि महिलाएं समय पर उनका लाभ उठा सकें.
महिलाओं को तकनीक के माध्यम से जागरूक और सशक्त बनाना उद्देश्य अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह चैटबॉट मातृ स्वास्थ्य और गर्भावस्था से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देगा. जबकि, अगले चरण में महिलाओं से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा. सुमन सखी का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाना है. यह पहल मातृ मृत्यु दर कम करने और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्रयोग मानी जा रही है.
