
भोपाल। छोला मंदिर थाना इलाके में एक कलयुगी बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट करते हुए उनका सिर फोड़ दिया. बुजुर्ग को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. मामले की शिकायत पुलिस थाने में पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. आरोपी की तलाश पुलिस की टीम कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार 67 वर्षीय पीड़िता राम देवी छोला थाना इलाके में रहती हैं. उनका पुत्र शराब पीने का लती है. बुधवार के दिन भी आरोपी नशे में घर पहुंचा और अपनी मां के साथ विवाद करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी. इस दौरान आरोपी बेटे ने अपनी मां के शरीर पर डंडे से वार करना शुरू कर दिया. डंडा सिर में तेजी से लगने के चलते बुजुर्ग के सिर पर घाव हो गया और वह खून से लथपथ हो गई. पीड़िता के किराएदारों ने पहुंचकर उनकी जान बचाई और अस्पताल में भर्ती कराया. बुजुर्ग ने मामले की शिकायत पुलिस में की. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
