
सीधी।मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन गरिमामय एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ किया गया। इसी क्रम में विधायक सीधी रीती पाठक ने ग्राम पंचायत भेलकी खुर्द में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उपस्थित जनों को संबोधित किया।
इस अवसर पर विधायक रीती पाठक ने गोवर्धन महाराज एवं गौ माता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली हेतु प्रभु श्रीकृष्ण से प्रार्थना की। अपने उद्बोधन में विधायक रीती पाठक ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशुधन और भूमि के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। गौ माता हमारी संस्कृति की आत्मा हैं और प्राकृतिक खेती का मूल आधार भी। गौमूत्र, गोबर और जैविक अपशिष्ट से बनने वाले जैविक खाद और जीवामृत न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाते हैं बल्कि फसलों को स्वस्थ और रासायनिक-मुक्त बनाते हैं। हमें अपने खेतों में पुन: प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए ताकि धरती मां की उर्वरा शक्ति बनी रहे और हमारे अन्नदाता आत्मनिर्भर बनें।
सीधी विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गौ-संवर्धन, गौधन संरक्षण और प्राकृतिक कृषि के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह पर्व हमें इस बात की भी याद दिलाता है कि जब तक हम अपनी गायों, खेतों और पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तब तक हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था सशक्त बनी रहेगी।
