इंदौर:सोमवार को पूरे शहर में दीपों का महापर्व दीपावली धूमधाम से मनाया जाएगा. गलियों से लेकर ऊंची इमारतों तक दीपों की श्रृंखलाएं सजेंगी, रंगोली की खुशबू और दीपों की लौ से हर आंगन रोशन होगा. त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है. रविवार को दिनभर बाजारों में जबरदस्त रौनक रही. मिठाई, बर्तन, सजावट, कपड़े और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी. हर कोई दीपावली के स्वागत की तैयारियों में व्यस्त दिखा.
शहर के मुख्य बाजार सराफा, बर्तन बाजार, राजवाड़ा, छप्पन दुकान और एमजी रोड, शॉपिंग माल आदि दीपों और रंगीन झालरों से सजे नजर आए. बच्चों में पटाखे खरीदने का जोश दिखा तो महिलाओं ने लक्ष्मी पूजा के लिए पूजा सामग्री और मिट्टी के दीपक खरीदे. सोमवार सूर्यास्त के बाद इंदौर दीपों
की रौशनी से नहा उठेगा. हर घर, मंदिर और चौराहे दीपक की रौशनी से झिलमिला उठेंगे. मां लक्ष्मी, लोगों द्वारा भगवान कुबेर और गणेश जी की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और धन-धान्य की कामना की जाएगी. व्यापारियों द्वारा बहीखातों की पूजा की जाएगी.
