
ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उमा भारती ने स्पष्ट कहा है कि अगर पार्टी नेतृत्व की अनुमति मिली, तो वे झांसी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी।
ललितपुर दौरे के दौरान मीडिया से चर्चा में उमा भारती ने कहा मैं सिर्फ झांसी से ही चुनाव लड़ूंगी। बुंदेलखंड मेरा भावनात्मक घर है, और वहां की जनता से मेरा गहरा नाता है। अगर पार्टी कहेगी, तो मैं जरूर चुनाव लड़ूंगी।
उनका यह बयान आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। विश्लेषक इसे 2029 लोकसभा की शुरुआती हलचल के रूप में देख रहे हैं।
उमा भारती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी इच्छा सार्वजनिक करते हुए लिखा कि यदि पार्टी आदेश देगी, तो मैं झांसी से लोकसभा चुनाव लड़ूंगी। उन्होंने अपने पोस्ट में भाजपा को भी टैग किया है।
यह पहली बार नहीं है जब उमा भारती ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई हो। अगस्त 2025 में भी उन्होंने कहा था कि वे अभी राजनीति से दूर नहीं हुई हैं, और सही समय आने पर चुनावी मैदान में उतरेंगी। हालांकि तब उन्होंने यह भी जोड़ा था कि फिलहाल चुनाव लड़ना मेरे लिए एक बाधा हो सकता है।
उमा भारती का यह ताज़ा बयान न केवल बुंदेलखंड की राजनीति को नई दिशा दे रहा है, बल्कि भाजपा के अंदर भी संभावित उम्मीदवारों की चर्चाओं को हवा दे गया है।
