
अशोकनगर। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महौली में दो परिवारों के बीच प्रेम विवाह को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना 15 फरवरी की सुबह की है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
बताया गया है कि मामले की शुरुआत 10 फरवरी को हुई, जब महौली निवासी एक युवती और एक युवक घर से बिना बताए चले गए। जानकारी के अनुसार, दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों और पक्षों के बीच तनाव व्याप्त था। इसी बीच रविवार को दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मुंगावली पुलिस थाने में एक पक्ष के फरियादी रामवीर दांगी ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने भाई शिवेंद्र के साथ खेत की ओर जा रहे थे, तब विजेंद्र यादव के घर के सामने मौजूद कमरसाहब यादव, ऊदल सिंह और मोहर सिंह ने उन पर तंज कसा और गालियां दीं। विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया गया। इसमें रामवीर की उंगली और शिवेंद्र की कलाई पर चाकू व डंडों से हमला किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरे पक्ष से ऊदल सिंह यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि रामवीर, शिवेंद्र, हरी सिंह और रामराज दांगी ने करीब आठ अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके घर पर हमला बोला। शिकायत के मुताबिक, आरोपी लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसे। इस दौरान कमरसाहब यादव पर कुल्हाड़ी और डंडों से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ऊदल सिंह का आरोप है कि हमलावरों ने ट्रैक्टर से घर का मुख्य गेट और दीवार तोड़ दी, एक मोटरसाइकिल पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और घर में खड़ी तीन अन्य बाइकों में तोडफ़ोड़ की। इससे करीब 2-3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मुंगावली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
