
सीहोर।मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम जमोनिया तालाब में शनिवार को दो नाबालिगों के बीच मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया. एक नाबालिग ने अपने पास रखी छूरी निकालकर दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया है. मंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम जमोनिया तालाब निवासी 14 वर्षीय किशोर का अपने ही गांव के एक अन्य 15 वर्षीय किशोर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इस दौरान आरोपी किशोर ने अपने पास रखी छूरी निकालकर दूसरे किशोर के पेट में मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को जिला अस्पताल भेजा जहां से उसे भोपाल ेरेफर कर दिया गया है. सूत्रों की मानें तो आरोपी किशोर दो साल पहले भी मंडी में एक बच्चे को छूरी मारकर घायल कर चुका है. मंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है. इस मामले में मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि भोपाल में घायल किशोर के बयान लेने पुलिस गई है. उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी.
