यरूशलम, 18 अक्टूबर (वार्ता) इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि उनकी सेना तथाकथित पीली रेखा को भौतिक रूप से चिह्नित करेगी, जहां पर पिछले सप्ताह गाजा युद्धविराम के तहत उसके सैनिक पीछे हटे थे।
श्री काट्ज ने कहा कि भौतिक रूप से चिह्नित किए जाने का उद्देश्य सुरक्षा और राजनीतिक सीमा को स्पष्ट रूप से परिभाषित करना तथा हमास लड़ाकों और गाजा निवासियों को चेतावनी देना है कि सीमा रेखा पार करने पर सैन्य कार्रवाई हो सकती है। उनके कार्यालय द्वारा जारी की गई तस्वीरों में ये चिह्न इजरायल और लेबनान के बीच संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त नीली रेखा को चिह्नित करने वाले नीले बैरल जैसे दिखते हैं।
यह पीली रेखा गाज़ा पट्टी के अंदर इजरायल की सीमा से लगभग 1.5 से 6.5 किलोमीटर दूर है और वर्तमान में लगभग 47 प्रतिशत क्षेत्र को घेरे हुए है। यह उस रेखा को चिह्नित करती है जिस पर इज़रायली सेनाएं अमेरिका समर्थित युद्धविराम के पहले चरण के दौरान वापस लौटी और प्रमुख आबादी वाले केंद्रों से पीछे हटी थीं, जबकि शेष क्षेत्र इज़रायल के नियंत्रण में हैं। उम्मीद जतायी गयी है कि शांति योजना के तहत इज़रायल अंततः इस परिक्षेत्र से हट जाएगा।

