सतना: धनतेरस और दीपावली पर्व के आगमन के साथ ही जिला सहित शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है और बर्तनों की खनक से बाजार गुलजार हैं। परंपरा के अनुसार धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए हर वर्ग के लोग अपनी क्षमता के अनुसार कुछ न कुछ अवश्य खरीदते हैं। वहीं धनतेरस पर सोना-चांदी के आभूषणों और सिक्कों के साथ बर्तन खरीदने की परंपरा के कारण बाजार में विशेष रौनक है।
धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह से सज-धज कर तैयार हो गया है. कारोबारियों को अपने ग्राहकों के आगमन का इन्तजार है. आलम यह है कि दो पहिया, चार पहिया वाहनों से लेकर ज्वेलरी की दुकानों पर भी ग्राहकों के लिए पुरजोर व्यवस्था की गयी है. हर जगह आकर्षक सामानों के साथ गिफ्ट या कुछ न कुछ धनतेरस व दीपावली ऑफर ग्राहकों को दिए जा रहे हैं. धनतेरस पर बाजार से बर्तन, सोने-चांदी की चीजें, मिट्टी के दीये या घर का सामान खरीदना बेहद मंगलकारी होता है.
आम से लेकर खास लोग धनतेरस के दिन खरीदारी करते हैं. बाजार में कपड़ा से लेकर बर्तन, ज्वेलर्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, दो से चार पहिया वाहन समेत अन्य चीजों में ऑफरों की बरसात है. सबसे ज्यादा ऑफ़र रेडीमेड कपड़ों में दिया जा रहा है.कहीं हजार से ऊपर की खरीदारी पर ऑफर है तो कोई खरीदारी पर आकर्षक गिफ्ट दे रहा है. कोई एक के साथ दो फ्री तो कोई इतने रुपए की खरीदी पर निश्चित उपहार दे रहा है. इस बार धनतेरस के लिए ज्यादा भीड़ सोना-चांदी के आलावा मोटर सायकिल, चार पहिया और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर नजर आ रही है.
ज्वेलर्स दे रहे आकर्षक ऑफर
धनतेरस के अवसर पर ज्वेलर्स की शॉप भी पूरी तरह से ग्राहकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है. शहर में ज्वेलर्स शॉप में अभी से भीड़ जुटनी शुरू हो गयी है. धनतेरस पर डिस्काउंट के साथ आकर्षक उपहार भी ग्राहकों को दिए जा रहें है. सोने व चांदी के सिक्के, गणेश व लक्ष्मी के बनी मूर्ति को पसंद कर रहे हैं.
वाहनों की पहले से बुकिंग
बाइक, स्कूटी व फोरव्हीलर के बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी अच्छी खासी पूछताछ चल रही है. टू व्हीलर्स में विभिन्न ब्रांड की स्कूटी और बाईक्स भी, शो रूम्स से बाहर आने को तैयार हैं. इलेक्ट्रिक और फ्यूल स्कूटी को लेकर उमंग है. युवाओं के लिए विभिन्न ब्रांड के बाईक्स का क्रेज आज भी बरकरार है. इसी को देखते हुए बाजार भी नए नए ऑफर्स के साथ धनतेरस में ग्राहकों के स्वागत को तैयार है।
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम पर भी जोर
धनतेरस के दिन शनिवार को इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों को अपने घर को लेकर जाएंगे. बाजार में इस बार लोगों की पहली पसंद इलेक्ट्रॉनिक्स समान है. फ्रिज से लेकर वाशिंग मशीन, आलमारी, एलसीडी, प्रॉजेक्टर, मोबाइल, कंप्यूटर, लेपटॉप, आयरन, लाइट, जैसे सामानों पर डिस्काउंट से लेकर गिफ्ट तक बाजार में दिया जा रहा है.
फर्नीचर भी पीछे नहीं
शहर सहित जिले भर में बाजार हर चौक चौराहे पर फर्नीचर की दुकानें सज चुकी है. फर्नीचर में लकड़ी, स्टील व प्लास्टिक के बने हुए सामानों से बाजार सज गया है. फर्नीचर में दिवान, पलंग, टेबुल, कुर्सी, बच्चे का झूला, सोफा, कंप्यूटर टेबुल आदि सामग्री को भी लोग पसंद कर रहे हैं
