
पटना। बिहार चुनावी दौरे पर पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गया और हिसुआ में जनसभाएं कीं तथा भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से एनडीए को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, और बिहार को भी विकास की इसी धारा से जुड़ना चाहिए। डॉ. यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार ही बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाएगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग बिहार को गाली देते हैं, हम उनकी ईंट से ईंट बजा देंगे। राहुल गांधी पर लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब महात्मा गांधी की नहीं, बल्कि राहुल गांधी की पार्टी बन चुकी है। डॉ. यादव ने गया को सनातन संस्कृति का केंद्र बताते हुए कहा कि बिहार की धरती ने हमेशा देश को दिशा दी है।
