
ब्यावरा। बुधवार की दोपहर गुना रोड पर बांडीखाली पुलिया के यहां बाईक सवार दो लोगों द्वारा चेकिंग के नाम पर झांसा देते हुए एक गल्ला व्यापारी से सोने की चेन एवं अंगूठी लेकर फरार होने की घटना प्रकाश में आई है.
जानकारी के अनुसार गुना रोड पर बांडीखाली पुलिया के यहां गल्ला व्यापारी सुंदरलाल साहू अपनी दुकान के यहां पर थे. तभी दो लोग बाइक पर सवार होकर आये. इनमें से एक व्यक्ति बाइक से उतरकर पैदल चलने लगा और एक अन्य बाइक पर रहा. उसने दुकान से दूर खड़े होकर व्यापारी श्री साहू को अपने पास बुलाया और यह कहते हुए कि वह सीआईडी से है चेकिंग कर रहे है. उक्त व्यक्ति ने अपने साथी जो पैदल जा रहा था उससे यह कहते हुए कि इस तरह अंगूठी पहनकर न घूमे और उसके पास मौजूद अंगूठी को उतरवाकर रुमाल में रखवा दी. यही बात व्यापारी से कही तथा झांसा देते हुए उनके पास मौजूद सोने की अंगूठी एवं चेन को उतरवाकर रुमाल में रखवा लिया और भागने लगे. दुकान पर मौजूद व्यापारी के पुत्र द्वारा इन लोगों का पीछा करने पर यह बाईक छोडक़र रफूचक्कर हो गये.
जानकारी लगने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल में जुट गई. थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ के अनुसार पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है. व्यापक स्तर पर जांच पड़ताल शुरु कर दी है. आरोपियों की तलाश जारी है.
