नये श्रम संहिताओं पर कार्यशालाएं आयोजित करने का रेलवे का निर्देश, यूनियनों के साथ संवाद की पहल

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) पूर्वी तट रेलवे ने अपने मंडलों को चार नई श्रम संहिताओं पर कार्यशालाएं आयोजित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, भ्रम की स्थिति दूर करने और रेल कर्मियों को इनके कार्यान्वयन के लिए तैयार करने के मकसद से श्रमिक संघों और कर्मचारियों के साथ चर्चा करने को कहा है।
एक आदेश में रेलवे ने कहा है कि इस विषय के विशेषज्ञ सहायक श्रम आयुक्त और उप मुख्य श्रम आयुक्त मंडल स्तर पर इन कार्यशालाओं का आयोजन कर सकते हैं। इस संचार के अंतर्गत आने वाले चार कोड वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020, तथा व्यवसायगत सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता 2020 हैं।
आदेश के अनुसार, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से जारी अधिसूचनाओं के बाद ये चारों श्रम संहिताएं 21 नवंबर 2025 से लागू हो चुकी हैं। पूर्वी तट रेलवे ने कहा कि संहिताओं के सुचारू कार्यान्वयन के लिए सहयोग प्राप्त करने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने, भ्रांतियों को दूर करने और रेल कर्मचारियों एवं सेवा प्रदाताओं के बीच विश्वास कायम करने के उद्देश्य से यूनियनों और प्रबंधन के बीच बातचीत भी आयोजित की जा सकती है।
रेलवे ने कहा कि व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र स्तर के अधिकारी कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर सकते हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ठेका प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ पर्यवेक्षक नई श्रम संहिताओं के तहत किये गये परिवर्तनों से पूरी तरह अवगत हों, ताकि उनका प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा, यह निर्देश खुर्दा रोड, संबलपुर और वाल्टेयर के मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) के साथ-साथ मंचेश्वर स्थित कैरिज रिपेयर वर्कशॉप के मुख्य कारखाना प्रबंधक (सीडब्ल्यूएम) को भेजा गया है।

.....

Next Post

कचरे को बेकार नहीं, नये संसाधन की शुरुआत के तौर पर करें इस्तेमाल : यादव

Tue Sep 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि कचरा को किसी उत्पाद की यात्रा का अंत नहीं बल्कि नए संसाधन चक्र की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए और विकास को अधिक संसाधन-कुशल, लचीला तथा टिकाऊ बनाने के वास्ते सर्कुलर […]

You May Like