बजाज फिनसर्व एएमसी का नया फीचर, सीधे म्यूचुअल फंड से कर सकेंगे यूपीआई पेमेंट

पुणे, 15 अक्टूबर (वार्ता) बजाज फिनसर्व एएमसी ने पे विद म्यूचुअल फंड नामक नया फीचर पेश किया है जिसमें निवेशक अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सीधे म्यूचुअल फंड से भुगतान कर सकता है।

बजाज फिनसर्व की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस फीचर की मदद से ग्राहकों को म्यूचअल फंड के उच्च रिटर्न और यूपीआई की भुगतान में आसानी, दोनों का लाभ एक साथ मिलेगा। उन्हें रोजमर्रा के खर्च के लिए बचत खाते या चालू खाते में पैसा रखने की जरूरत नहीं होगी, वे उस पैसे को म्यूचुअल फंड में निवेश कर ज्यादा रिटर्न पा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उसे खर्च भी कर सकते हैं। ग्राहक अपने निवेश का 90 प्रतिशत तक (अधिकतम 50 हजार रुपये) निकाल सकते हैं।

इस फीचर के लिए बजाज फिनसर्व एएमसी ने फिनटेक प्लेटफॉर्म क्यूरी मनी के साथ साझेदारी की है। उसने बताया कि केवल एक क्यूआर कोड स्कैन करके और भुगतान को स्वीकृत करके म्यूचुअल फंड से पैसे निकालने का अनुरोध अपने-आप पृष्ठभूमि में सक्रिय हो जाता है। यह सुनिश्चित करता है कि निवेशक बिना किसी व्यवधान के अपने दैनिक लेनदेन के लिए यूपीआई का उपयोग जारी रख सकें।

बजाज फिनसर्व एएमसी के प्रबंध निदेशक गणेश मोहन ने कहा, “नवाचार हमेशा हमारी यात्रा के केंद्र में रहा है। इस लॉन्च के साथ, हम म्यूचुअल फंड निवेश में सरलता और सुविधा को नये सिरे से परिभाषित करने की दिशा में एक साहसिक कदम उठा रहे हैं। यह यूपीआई-लिंक्ड सुविधा निवेशकों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए तुरंत पहुंच बनाये रखते हुए अपने पैसे को सक्रिय रूप से बढ़ाने में सक्षम बनाती है। पारंपरिक निवेश और दैनिक धन प्रबंधन के बीच की खाई को पाटकर, हम उन्हें बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बना रहे हैं।

जून 2023 में अपनी पहली योजना के शुभारंभ के बाद से, बजाज फिनसर्व एएमसी का आकार और दायरा दोनों ही उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है और इसका कुल एयूएम 28,814.16 करोड़ रुपये (30 सितंबर 2025 तक) हो गया है। यह फंड विविध प्रकार के उत्पाद प्रदान करता है और वर्तमान में इसमें 17 सक्रिय स्कीम्स (आठ इक्विटी, पांच डेट और चार हाइब्रिड) और पांच निष्क्रिय स्कीम्स भी हैं।

 

Next Post

गांजे की तस्करी करते 7 महिलाएं गिरफ्तार

Wed Oct 15 , 2025
जबलपुर: रेल सुरक्षा बल व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं को गांजा की तस्करी करते हुए पकड़ा है। इन महिलाओं के पास से 48 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा भी बरामद किया गया है। घटना के […]

You May Like