
ब्यावरा। फसल में हुए नुकसान का मुआवजा वितरण करने प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 18 अक्टूबर को ब्यावरा आएंगे. श्री यादव यहां एक समारोह में किसानों को मुआवजा वितरण करेंगे.
जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय हुआ है. इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी शुरु हो गई है. हालांकि मंगलवार की देर शाम तक मुख्यमंत्री के दौरा कार्यक्रम को लेकर अधिकरिक तौर पर कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है.
अधिकारीद्वय ने किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर डा. गिरीश कुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी द्वारा स्थानीय सिविल अस्पताल परिसर स्थित हेलीपेड एवं कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित स्थल पंचमुखी मंदिर के समीप नवीन दशहरा मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये. मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 18 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में फसलों के हुए नुकसान का मुआवजा वितरण करने के साथ ही सभा को संबोधित करेंगे. उधर सिविल अस्पताल स्थित हेलीपेड एवं कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित करने का कार्य शुरु कर दिया गया है.
