भारतीय उद्यमियों से बोले मुत्ताकी, आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए अफगानिस्तान में परिस्थितियां अनुकूल

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने सोमवार को भारतीय उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

उद्योग मंडल फिक्की की ओर से आयोजित संवाद बैठक में मुत्ताकी और उनके साथ आये उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्योग जगत को आश्वासन दिया कि अफगानिस्तान में आवश्यक शांति और सौहार्द्र स्थापित हो गया है तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार की गयी हैं।

अफगान विदेश मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि द्विपक्षीय व्यापार पहले ही एक अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बुनियादी ढांचा, लॉजिस्टिक्स, विमानन, शिक्षा, कृषि और बैंकिंग क्षेत्रों में निवेश के लिए विशेष रूप से भारतीय कंपनियों का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कई भारतीय कंपनियों ने विभिन्न परियोजनाओं में अपना परिचालन फिर से शुरू कर दिया है। साथ ही, अफगानिस्तान द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के विस्तार के लिए भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की पूरी कोशिश कर रहा है।

श्री मुत्ताकी ने कहा कि केईसी और मैक्स अस्पताल सहित कई भारतीय कंपनियों ने अपना परिचालन फिर से शुरू कर दिया है। इसी तरह, एमिटी विश्वविद्यालय भी कई अफगान छात्रों का समर्थन कर रहा है और मिलकर एक परिसर बनाने की गहरी इच्छा व्यक्त की है।

भारतीय उद्योग प्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया कि वीजा एक गंभीर समस्या बनी हुई है और दोनों पक्षों के व्यापारियों की सुगम आवाजाही के लिए इसे तुरंत हल करने की आवश्यकता है। साथ ही, अफगानिस्तान में भारतीय कंपनियों द्वारा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी से बचने के लिए दोनों देशों के बीच माल की आवाजाही सहित लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता है।

 

 

Next Post

बीजापुर के जंगलों से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

Tue Oct 14 , 2025
बीजापुर, 14 अक्टूबर (वार्ता) सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिण बस्तर क्षेत्र में एक प्रमुख खोज अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा जमा किए गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और आईईडी बम बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से नक्सलियों के द्वारा बड़े हमले की एक संभावित योजना […]

You May Like