जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत बिछिया में पुलिया निर्माण कार्य के दौरान रविवार को हादसा हो गया। पुलिया बनाते समय लोहे की रॉड लगा रहा श्रमिक उस वक्त करंट की चपेट में आ गया जब लोहे की रॉड बिजली खम्बे से लगी विद्युत लाइन से टकरा गई। करंट की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक रविवार को वीरेन्द्र कोल 30 वर्ष निवासी ग्राम बिछिया थाना ढीमरखेड़ा जिला कटनी ने सूचना दी कि वह एवं मनोज कोल अपने घर से काम करने बिछिया बरेला आये थे जहां पर पुलिया का काम चल रहा था पुलिया का काम करते समय लोहे की राड मनोज कोल लगा रहा था, पुलिया के बाजू में बिजली का खम्बा लगा है, मनोज कोल द्वारा लोहे की राड लगाते समय राड बिजली के तार से टकरा गयी जिससे मनोज के दोनों हाथ की गदेली में करंट लग गया जिसे उपचार के लिए बरेला में डाक्टर साहू की अस्पताल लेकर आये जहां डाक्टर ने चैक कर मनोज कोल 35 वर्ष निवासी ग्राम बिछिया थाना ढीमरखेड़ा जिला कटनी को मृत घोषित कर दिया।
