पश्चिमोत्तर राज्यों और दिल्ली में 2-3 दिनों में गर्मी से राहत की उम्मीद

नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) दिल्ली सहित कई स्थानों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार होने के बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमोत्तर भारत और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कुछ राहत की उम्मीद जताते हुए जल्द ही बूंदाबांदी के साथ आंधी आने की संभावना व्यक्त की है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बयान में कहा कि आने वाले पश्चिमी विक्षोभ, बारिश या तूफान और अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बहने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवा के कारण तापमान में मध्यम गिरावट के कारण अगले 2-3 दिनों के दौरान भीषण गर्मी की स्थिति कम हो जाएगी।

 

पिछले कुछ दिनों में पूरे उत्तर-पश्चिम भारत को लू ने अपनी चपेट में ले लिया है, जहां अधिकतम तापमान राजस्थान के चुरू में 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक पहुंच गया है।

 

मौसम एजेंसी ने हालांकि कहा कि शुष्क मौसम के साथ भीषण गर्मी की स्थिति एक जून तक देश के कई हिस्सों में जारी रहेगी तथा अगले दो-तीन दिनों में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में मौजूदा स्थितियां धीरे-धीरे कम हो जाएंगी।

 

आईएमडी ने कहा कि गुरुवार के लिए लू चेतावनी को ‘रेड अलर्ट’ से ‘ऑरेंज अलर्ट’ में बदल दिया। अनुमान है कि तापमान में 2 डिग्री से से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी।

 

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली ने गुरुवार के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा, “आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रहेगी। बहुत हल्की बारिश/बूंदाबांदी के साथ तेज हवाओं (गति 25-35 किमी प्रति घंटे) के साथ आंधी/धूल भरी आंधी की संभावना है।”

 

मुंगेशपुर मौसम केंद्र में बुधवार को पारा 52.9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। इस पर मौसम विभाग ने कहा कि यह दोषपूर्ण सेंसर का परिणाम हो सकता है।

 

मौसम विभाग ने एक बयान में कहा, “दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान शहर के विभिन्न हिस्सों में 45.2 डिग्री से 49.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मुंगेशपुर में अन्य स्टेशनों की तुलना में 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सेंसर में त्रुटि या स्थानीय कारक के कारण हो सकता है। इस मामले में ‘आईएमडी डेटा और सेंसर की जांच कर रहा है।’

 

भू विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि दिल्ली में 52 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान “बहुत ही असंभव” है।

 

दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है।

 

दूसरी ओर मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को बिहार, झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति होने की संभावना है। यह भी कहा गया है कि 30 और 31 मई को कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।

Next Post

इंग्लैंड की महिला टीम ने पाकिस्तान को 178 रनों से हराया

Thu May 30 , 2024
चेम्सफर्ड, 30 मई (वार्ता) नेट सायवर ब्रंट के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड की महिला टीम ने तीसरे और आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान की महिला टीम को 178 रनों विशाल अंतर से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से जीत ली हैं।   बुधवार को काउंटी ग्राउंड में […]

You May Like