अदीस अबाबा, 08 अक्टूबर (वार्ता) इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद ने अदीस अबाबा में अफ्रीकी मीडिया प्लेटफॉर्म पल्स ऑफ अफ्रीका (पीओए) का शुभारंभ किया।
श्री अबी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीओए का आरंभ महाद्वीप के बारे में मीडिया में नकारात्मक धारणाओं का मुकाबला करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अपनी विशाल क्षमता के बावजूद अफ्रीका को अक्सर वास्तविकता से छोटा और कम सक्षम दिखाया जाता है। इस तरह की लगातार गलत व्याख्याओं ने ऐतिहासिक रूप से महाद्वीप और उसके लोगों के प्रति वैश्विक धारणा को विकृत किया है।
इथोपियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म अफ्रीकी आख्यान और दृष्टिकोणों को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुँचाकर वैश्विक मीडिया में महाद्वीप की छवि को नया रूप देने के लिए स्थापित किया गया है। यह प्लेटफॉर्म महाद्वीप की मीडिया और वैश्विक मीडिया के बीच सेतु की तरह काम करेगा और प्रमाणिक अफ्रीकी आवाजों को बढ़ावा देगा।
