इंदौर: नो-एंट्री के नियमों में राहत नहीं मिलने से नाराज ट्रांसपोर्ट कारोबारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए. शहर की प्रमुख सड़कों और ट्रांसपोर्ट नगरों में ट्रकों के पहिए थम गए हैं. माल बुकिंग और डिलीवरी पूरी तरह बंद है.एसोसिएशन ऑफ पार्सल ट्रांसपोर्ट एंड फ्लीट ऑनर्स के अध्यक्ष राकेश तिवारी और सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि अधिकारियों ने राहत का भरोसा तो दिया, लेकिन जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं होता, काम शुरू नहीं किया जाएगा.
इंदौर ट्रक ऑपरेटर एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बग्गा और सचिव पवन शर्मा ने बताया कि हड़ताल में सभी ट्रांसपोर्टर, हम्माल, मैकेनिक और ऑटो पार्ट्स कारोबारी शामिल हैं. हड़ताल का असर लोहा मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, देवास नाका, पोलोग्राउंड, पंचकुड्या और दावा तादाद जैसे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है.
इन इलाकों में ट्रक खड़े हैं और सब्जी व अनाज मंडी तक माल की सप्लाई नहीं पहुंच रही. कारोबारी संगठन का कहना है कि प्रशासन को नो-एंट्री के नियमों पर व्यवहारिक और उद्योग-अनुकूल निर्णय लेना चाहिए, ताकि प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में व्यापार पर विपरीत असर न पड़े.
