इंदौर: एमवाय अस्पताल में मरीजों और परिजनों के मोबाइल चोरी करने वाले दो युवकों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपियों ने इससे पहले भी एक मोबाइल चोरी की थी, लेकिन जब वे दोबारा वारदात करने पहुंचे तो पहचान लिए. पुलिस ने आरोपियों से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया है.विजय पुत्र मोहनलाल ढोली खजूरी पंथ, सामगढ़, मंदसौर की शिकायत पर नरेन्द्र पुत्र उमराव सिंह गांधी नगर और सौरभ उर्फ अजय पुत्र मेहरबान सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
विजय ने बताया कि उनकी मां धापूबाई का एक्सीडेंट हुआ था और वे अस्पताल की चौथी मंजिल पर भर्ती थीं. 3 अक्टूबर को मोबाइल चार्जिंग पर लगा था, उसी दौरान आरोपियों ने मौका देखकर मोबाइल चुरा लिया था. रविवार को विजय ने दोनों आरोपियों को अस्पताल गेट पर देखा और एक को पकड़ लिया. शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने और कहां-कहां चोरी की वारदातें की हैं.
