नर्मदापुरम की चुनौतियां अनोखी, किसानों से लेकर कानून-व्यवस्था तक हमारी प्राथमिकता

इटारसी। नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा सोमवार को इटारसी पहुंचे, जहां उन्होंने पथरोटा थाने का औचक निरीक्षण किया और पत्रकारों से खुलकर बातचीत की। उन्होंने जिले में पुलिसिंग, चुनौतियों और अपने आगामी विज़न पर विस्तार से विचार साझा किए।

एसपी थोटा ने कहा कि नर्मदापुरम जिला अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता के कारण प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां की धरती पावन है, नर्मदा और इसकी सहायक नदियां इस भूमि को और भी पवित्र बनाती हैं। लगातार धार्मिक आयोजन और मेलों के चलते यहां की कानून-व्यवस्था की चुनौतियां अलग हैं, उन्होंने कहा।

उन्होंने बताया कि भोपाल की निकटता के कारण वीआईपी मूवमेंट भी अधिक रहता है, इसलिए पुलिस प्रशासन को हर समय सतर्क रहना पड़ता है। एसपी ने अवैध शराब और रेत उत्खनन जैसी समस्याओं को जिले के प्रमुख मुद्दे बताते हुए कहा कि इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किसानों को लेकर उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के किसान न केवल प्रदेश बल्कि देश की कृषि नीति को दिशा देने की क्षमता रखते हैं, जो उनकी संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने जिले में पुलिस बल की कमी स्वीकार करते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं को पुलिस परिवार से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।

साईं कृष्णा थोटा ने केसला ब्लॉक जैसे जनजातीय और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया। साथ ही यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को अपनी शीर्ष प्राथमिकताओं में बताया।

 

Next Post

नवागत जिला पंचायत सीईओ ने किया पदभार ग्रहण

Tue Oct 7 , 2025
सीहोर. भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सुश्री सर्जना यादव ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण किया. आईएएस अधिकारी सुश्री सर्जना यादव जबलपुर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ थीं. पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने कलेक्टर बालागुरू के से भेंट की. […]

You May Like