इंदौर: शहर में गर्मी और बारिश के मौसम में जलप्रदाय व्यवस्था की स्थिति को लेकर आज निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में महापौर ने अमृत 1.0 और 2.0 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों, फलबाग संपवेल, एलएनटी के कार्यों की गुणवत्ता परखने, जनता को गर्मी में ठंडा और शुद्ध जल व्यवस्था तहत पीपीपी मॉडल पर वॉटर कूलर लगाने कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए.
आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा गर्मी और बारिश के मौसम में शहर के जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर निगम कार्यालय में बैठक की गई. बैठक में अमृत योजना 1.0 एवं 2.0 के तहत सम्पवेल निर्माण, नई पानी टंकियों के निर्माण, डायरेक्ट जलप्रदाय व्यवस्था, दूषित जल की समस्या के निराकरण और विभिन्न जल पंपिंग स्टेशनों के कार्यों की जानकारी ली गई. फलबाग में निर्माणाधीन सम्पवेल का काम दो से तीन शिफ्ट में संचालित कर तीन माह में पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए.
शहर में 311 एप एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त दूषित पानी अथवा जलप्रदाय बाधित होने संबंधी शिकायतों की भी समीक्षा की. शिकायतों का त्वरित एवं स्थाई समाधान कर मॉनिटरिंग व्यवस्था पर जोर दिया. गर्मी में जनता को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पहले से स्थापित वॉटर कूलरों सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने और सामाजिक संगठनों के सहयोग से पीपीपी मॉडल पर वाटर एटीएम स्थापित करने की योजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए.
अभी से तैयारी शुरू करें
महापौर ने कहा कि आगामी गर्मी और बारिश के दौरान शहर में जल संकट उत्पन्न नहीं हो, इसकी अभी से तैयारियां शुरू कर दी जाएं. जलप्रदाय से संबंधित सुधार एवं मरम्मत कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाए. बैठक में जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा, अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक, कार्यपालन यंत्री, विभाग प्रमुख, सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे
