संग्राम सिंह-आबिद मुक़ाबले से पहले उठे कई विवाद, आबिद का बड़बोलापन आया सामने

कुआलालम्पुर, 18 जुलाई (वार्ता) एमएमए फाइट के फेस ऑफ का सबसे बड़ा आकर्षण हिंदुस्तान-पाकिस्तान के फाइटरों का अपने अलग तरह के स्टांस में खड़े होना था लेकिन इससे भी बड़ी बात यह थी कि संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने आयोजकों के सामने मोहम्मद आबिद अली के वजन को लेकर विरोध दर्ज करा दिया। उनका कहना था कि जब संग्राम सिंह का वजन तीन-तीन बार चेक किया गया है तो फिर पाकिस्तानी फाइटर का वजन भी कई बार चेक होना चाहिए क्योंकि वह निर्धारित 84 किलो से कहीं अधिक लग रहा है लेकिन स्ट्राइक-एमएमए के सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला ने इस विरोध को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहींं है। सब ठीक है।

जहां फेस ऑफ में संग्राम सिंह बेहद शांत दिखे और उन्होंने विनम्रतापूर्वक इतना ही कहा कि यह एक अच्छी फाइट होगी। हमें खेल ही सिखाता है कि कभी हार नहीं माननी चाहिए। चैम्पियन बनने के लिए अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। वहीं मोहम्मद आबिद अली के स्टांस को लेकर उठे सवालों पर इस फाइटर ने बड़बोला रवैया अपनाया। आबिद ने कहा कि ये सब तो रिंग में पता चलेगा। इंशाअल्लाह, रविवार को उन्हीं का दिन होगा और वही ये फाइट जीतने जा रहे हैं।

जैसे ही इस फाइट के लिए फेस ऑफ की घोषणा हुई, संग्राम सिंह ने आर्थोडॉक्स स्टांस के साथ बॉक्सिंग का एक्शन किया, जबकि पाकिस्तान के फाइटर मोहम्मद आबिद अली ने दोनों पैरों के बीच गैप को रखते हुए बॉक्सिंग का अजीबोगरीब स्टांस लिया। एक दूसरे को ललकारने के अंदाज़ के बाद संग्राम ने वहां बैठे एमएमए प्रेमियों की ओर भी स्टांस लिया, उनके इस अंदाज़ का दर्शकों ने तालियां बजाकर अभिवादन किया।

भारत में इस खेल के आइकन बन चुके संग्राम सिंह और पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आबिद अली यहां रविवार को एशिया चैम्पियन एमएमए टाइटिल फाइट के लिए चुनौती रखने वाले हैं। संग्राम सिंह ने कहा कि वह एक भावुक पल था। आबिद अली दिखने में मुझसे ज़्यादा तगड़ा और लम्बा है। मुझे अपनी दिल्ली वाली तैयारियों पर पूरा भरोसा है। विपक्षी के अजीबोगरीब स्टांस के सवाल पर संग्राम ने कहा कि वह इस बात को ज़्यादा महत्व नहीं देते क्योंकि ब्राज़ील के एक चैम्पियन फाइटर ने भी कुछ इसी तरह का स्टांस लिया है। उन्होंने कहा कि बेशक एमएमए में वह एक पाकिस्तानी को पहले भी हरा चुके हैं और वह अब तक तीन एमएमए फाइट जीत चुके हैं लेकिन अपनी चौथी फाइट को वह बात समझदारी से और योजनाबद्ध तरीके से लड़ेंगे।

संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि संग्राम सिंह वजन घटाने के बाद पहले से ज़्यादा फिट नज़र आ रहे हैं। उनकी यही फिटनेस आबिद अली पर भारी पड़ सकती है। दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन रह चुके संग्राम सिंह और मोहम्मद आबिद अली का यह मुक़ाबला रविवार को भारतीय समय के अनुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। इन मुक़ाबलों में कई एमेच्योर फाइटरों के मुक़ाबले दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएंगे। इस फाइट का प्रसारण मलयेशिया के नेशनल स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा, जिसे भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये देखा जा सकता है।

इसके आयोजक स्ट्राइक-एमएमए के अध्यक्ष इस्माइल मारजुकी बिन और सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला ने बताया कि इस मुक़ाबले की टिकटों को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खासकर संग्राम सिंह की फाइट को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इन मुक़ाबलों की सबसे सस्ती टिकटें 50 रिंगित यानी1200 रुपये और सबसे महंगी टिकटें 1500 रिंगित यानी करीब 42 हज़ार रुपये की निर्धारित की गई हैं। टिकटें खरीदने वालों में बड़ी संख्या भारतीयों की है।

 

Next Post

आजमपुर डोडिया में दूषित पानी से कई ग्रामीण बीमार, विधायक पहुंचे...शुरू हुई राहत व्यवस्था

Sat Jul 18 , 2026
पिपलोदा/जावरा। पिपलोदा तहसील के ग्राम आजमपुर डोडिया में दूषित पेयजल के सेवन से कई ग्रामीण उल्टी, दस्त और बुखार की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया तथा गांव में तत्काल राहत एवं चिकित्सा सेवाएं शुरू कर दी गईं। जावरा विधायक […]

You May Like