शुभमन गिल बने भारत के नये वनडे कप्तान, रोहित और कोहली टीम में

शुभमन गिल बने भारत के नये वनडे कप्तान, रोहित और कोहली टीम में

मुंबई, 04 अक्टूबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयनित शुभमन गिल की अगुवाई वाले वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली शामिल हैं। श्रेयस अय्यर को भारतीय वनडे टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। रोहित और कोहली चैंपियंस ट्रॉफ़ी फ़ाइनल के बाद पहली बार भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आएंगे।

हार्दिक पांड्या स्ट्रेन इंजरी के चलते वनडे और टी20 टीम से बाहर हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह को वनडे टीम से आराम दिया गया है, हालांकि बुमराह टी20 टीम में शामिल हैं। मोहम्मद सिराज की वनडे टीम में वापसी हुई है। रवींद्र जडेजा वनडे टीम में शामिल नहीं हैं।

मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने टीम की घोषणा करते हुए कहा कि तीन अलग-अलग प्रारूपों में कप्तान होना रणनीतिक तौर पर व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप अभी दो वर्ष दूर है लेकिन इस बीच भारत कितने वनडे खेलेगा यह स्पष्ट नहीं है इसलिए नए कप्तान के पास पर्याप्त समय होना चाहिए। आगरकर ने कहा कि सिर्फ़ चयनकर्ताओं के लिए ही नहीं कोच के लिए तीन अलग-अलग लोगों के साथ काम करना आसान नहीं रहता।

जडेजा के वनडे टीम में शामिल नहीं होने पर आगरकर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में अधिक वनडे नहीं खेलने थे इसलिए वहां की परिस्थितियों के लिहाज से टीम में अधिक स्पिनरों की जरूरत नहीं थी।

बुमराह और हार्दिक को लेकर आगरकर ने कहा, “उनके वर्कलोड को देखते हुए उन्हें वनडे टीम से आराम दिया गया है। हार्दिक इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए फ़िट नहीं थे। एक हफ़्ते में वह सीओई में जुड़ेंगे और रिकवरी शुरू करेंगे तब हमें उनको लेकर स्पष्टता मिलेगी।”

ऑस्ट्रेलिया में भारत को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी जो कि 19 अक्तूबर से शुरू होगा और 25 अक्तूबर को वनडे सीरीज का अंतिम मैच खेला जाएगा। वहीं पांच मैचों की टी20 सीरीज का आग़ाज 29 अक्तूबर को होगा और आठ नवंबर को सीरीज का अंतिम मैच खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, के एल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)

भारत की टी20 टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।

Next Post

फिलीपींस में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 70 हुई, 559 घायल

Sat Oct 4 , 2025
मनीला, 04 अक्टूबर (वार्ता) मध्य फिलीपींस के सेबू प्रांत में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप में मृतकों की संख्या 70 हो गई है और 559 लोग घायल हुये हैं। फिलीपींस के आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन के सबसे बड़े निकाय द्वारा शनिवार को नवीनतम आधिकारिक जानकारी दी गयी। राष्ट्रीय आपदा […]

You May Like