श्योपुर: जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के बैनीपुरा गांव में सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव में रहने वाले धाकड़ परिवार के चार सदस्य अपने ही घर के अंदर बेसुध हालत में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। रामरूप धाकड़, उसकी पत्नी रामलता, बेटी (16) और बेटा सूरज रात में खाना खाने के बाद सो गए थे।
लेकिन सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर ग्रामीणों ने शंका जताई। खिड़की से झांककर देखा तो पूरा परिवार बेसुध हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि परिवार की बेटी ने ही खाने में कुछ पदार्थ मिला दिया था, जिसे खाने के बाद सभी की हालत बिगड़ गई। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है कि आखिर लड़की ने यह कदम क्यों उठाया और खाने में किस तरह का पदार्थ मिलाया गया।
