
बीना। गांधी जयंती के अवसर पर किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के संभागीय अध्यक्ष सीताराम ठाकुर के नेतृत्व में गुरुवार को गांधी प्रतिमा के सामने दो घंटे का धरना दिया गया। यह धरना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसान शामिल हुए।
धरने का मुख्य कारण हाल ही में खाद वितरण के दौरान किसानों और बिहरना गोदाम प्रभारी नीलम राय के बीच हुई बहस रही। किसान नेता ठाकुर ने आरोप लगाया कि गोदाम प्रभारी का व्यवहार किसानों और जनता के प्रति असंवेदनशील है। ठाकुर ने प्रदेश सरकार से सोयाबीन की खरीद भावांतर योजना के बजाय सीधे समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की मांग की। उनका कहना था कि भावांतर योजना से केवल व्यापारियों और बिचौलियों को फायदा होता है, जबकि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाता।
धरने के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
