नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि दलहन मिशन और रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में हुये इजाफे से खेती और किसानों के कल्याण पर खासा असर पड़ेगा।
उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि वह देश के किसानों की ओर से इन निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। ये फैसले देश की खाद्य, पोषण सुरक्षा और किसान कल्याण और कृषि पैदावार के क्षेत्र में दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव डालेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने किसान हित को सर्वोपरि मानते हुए संसाधनों एवं योजनाओं को समग्र रुप से जोड़ने की दिशा बनायी है और यह किसानों के प्रति मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता को दर्शाता है।
