विदिशा: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तखतमल कॉलोनी निवासी डॉ. शैलेन्द्र कटारिया के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। डॉक्टर कटारिया 25 जुलाई को परिवार सहित अपनी बड़ी बेटी के यहां अमेरिका गए थे।डॉ. कटारिया 26 सितंबर की रात करीब 1 बजे विदिशा स्थित अपने घर लौटे तो चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों ने उन्हें पहले ही चोरी की जानकारी दे दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन घर मालिक के न होने से कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी।
चोर घर में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर भी चुरा ले गए। हालांकि दूसरे कैमरों में 18 सितंबर की रात तीन संदिग्ध युवक (उम्र लगभग 18-20 वर्ष) इस चोरी को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।डॉ. कटारिया ने बताया कि वह रातभर से परेशान हैं। उनकी पत्नी और बच्ची इस समय रिश्तेदारों के यहां रुकी हुई हैं। सिविल लाइन थाने की स्थिति यह है कि टीआई सीट पर मौजूद नहीं हैं, फोन रिसीव नहीं हो रहा। एसपी को फोन करने पर भी जवाब नहीं मिला। जब तक टीआई नहीं आएंगे, तब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी।
आखिरकार परेशान होकर डॉ. कटारिया अपने घर लौट आए और सामान व्यवस्थित करने लगे। उनका कहना है कि उन्हें अब कोई रिपोर्ट नहीं लिखानी है। यह विदिशा पुलिस की स्थिति को उजागर करता है।हालांकि करीब 11 बजे पुलिस वहां पहुंच गई और जांच पड़ताल कर रही है ।
