
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के विकास से बड़ी संख्या में रोजगार पैदा हो रहे हैं। उन्होंने उद्योगपतियों की निवेश प्रक्रिया में अहम भूमिका की सराहना की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के पदाधिकारियों से भेंट के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में उद्योग स्थापना के लिए नीतियां निर्धारित की गई हैं, जिससे व्यवसायिक वातावरण अनुकूल बना है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उद्योगपतियों को नीतियों की परिधि में और आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर जाकर भी उद्योग लगाने में सरकार पूरा सहयोग देगी। इस अवसर पर लोहिया ग्रीन एनर्जी ग्रुप, ट्रायडेंट ग्रुप, जैक्सन ग्रुप, पैसिफिक आयरन मैन्युफैक्चरिंग, आर. एस. डब्ल्यू. एम. लिमिटेड, एल्टिस इंडस्ट्रीज, एन-विज़न एनवायरनमेंटल सर्विसेज और पार्थ कंस्ट्रक्शन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
