
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जैसीनगर में आयोजित अन्न सुरक्षा संकल्प समारोह में बुंदेलखंड की जनता को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने घोषणा की कि जैसीनगर का नाम बदलकर जयशिव नगर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती वीरता और वैभव की प्रतीक है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति प्रकृति, पशु-पक्षी और सह-अस्तित्व की भावना पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि स्वदेशी सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जा रही है। गांधी जी ने जिस स्वदेशी भाव को जगाया, उसी मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ भारत आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि
प्रदेश में गोवध पर सख्त प्रतिबंध है, गोकशी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
गौशालाओं की संख्या बढ़ाई गई है। 25 गायों के प्रोजेक्ट पर गौशाला खोलने वालों को 40 लाख रुपए की योजना मिलेगी, जिसमें 10 लाख सरकार की ओर से अनुदान होगा।
किसानों को सोयाबीन की फसल पर 5320 रुपए का भाव दिलाया जाएगा। यदि कहीं एमएसपी से कम पर बिक्री होती है तो घाटा सरकार वहन करेगी।
सिटी पोर्टल और सिंगल विंडो पोर्टल के जरिए नगर निगम से लेकर गांव तक गैस कनेक्शन और अन्य सुविधाएं घर-घर पहुंचेंगी।
दिवाली के बाद से महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि बुंदेलखंड के लोग जो भी मांगेंगे, सरकार उसे पूरा करने के लिए तैयार है।
