
शाहगंज।नवरात्रि पर्व को लेकर शहर से पदयात्रियों का गुजरना रात- दिन हो रहा है. इसके बाद भी बुधवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने सुबह की सैर पर निकली एक बुजुर्ग महिला को पुलिस चैकिंग का भय दिखाकर उसके सारे जेवर उतरवाए और कागज की एक पुडिय़ा में बांधकर साड़ी के पल्लू में बांधने का नाटक करते हुए नकली अंगूठी बांधकर दो लाख रुपए कीमत के जेवर ले उड़े. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश प्रारंभ कर दी है.
जिले में इन दिनों आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं. जिला मुख्यालय पर जहां चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है, वहीं इछावर तहसील के ग्राम सिराड़ी में भी चोरों ने दिन- दहाड़े वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है.वहीं अब शाहगंज में आपराधिक तत्व सक्रिय हो गए हैं. बुधवार की सुबह उन्होंने मार्निंग वॉक पर निकली एक बुुजुर्ग महिला के लगभग दो लाख रुपए कीमत के जेवरात ले लिए और रफूचक्कर हो गए. जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7.15 बजे शाहगंज निवासी फरियादी ख़ेमवती साहू पत्नी रामचरण साहू अपने नाती को स्कूल बस में बैठाकर मॉर्निंग वॉक पर गई थी तभी एमपीईबी ऑफिस के करीब बाइक सवार बदमाश आए और महिला से कहा कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है अपने जेवरात निकाल कर साड़ी के पल्लू में बांध लो। महिला के जेवर जिसमें सोने का मंगल सूत्र, कान टॉप्स और सोने की अंगूठी निकलवा ली और साड़ी के पल्लू में एक नकली अंगूठी बांधकर बदमाश बाइक पर सवार होकर चलते बने. कुछ दूर जाकर महिला को शक हुआ तो उन्होंने पुडिय़ा खोलकर देखी तो उसमें नकली अंगूठी देखकर उनके पैरों के नीचे की जमीन ही खिसक गई. हतप्रभ महिला ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की बात घर पहुंचकर परिजनों को बताई और पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. मामले में एसडीओपी रवि शर्मा का कहना है कि यह पूरी तरीके से जालसाजी का मामला है. पुलिस जांच कर रही है जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि महिला ने जो सूचना दी है उसके अनुसार बाइक पर आए दो लोगों ने महिला के साथ जालसाजी की और लगभग दो लाख रुपए के गहने लेकर चले गए हैं, मामले में जांच की जा रही है.
