भोपाल: नवरात्रि के अवसर पर न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहे पर स्थापित भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति और दुर्गा उत्सव समिति द्वारा तैयार इस झांकी में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, मथुरा की प्रतिकृति प्रदर्शित की गई है। कोलकाता से आए कलाकारों ने बनाई यह झांकी 60 फीट ऊंची और 1200 वर्गफीट क्षेत्र में फैली है।
मां अंबे की 28 फीट चौड़ी और 12 फीट ऊंची प्रतिमा मुख्य आकर्षण है। साथ ही मथुरा-वृंदावन की कृष्ण लीलाओं और खाटू श्याम की विशाल प्रतिमा भी दर्शनीय हैं। पूरे स्थल को इको-फ्रेंडली एलईडी लाइट्स से सजाया गया है। आयोजन पर लगभग 45 लाख रुपये खर्च हुए हैं। सुरक्षा, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम यहां आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहे हैं।