
काठमांडू, 29 मार्च (वार्ता) पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टुअर्ट लॉ की नियुक्ति के साथ नेपाल में नए मुख्य कोच की तलाश समाप्त हो गई है।
नेपाल क्रिकेट संघ (सीएएन) ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि करते हुए घोषणा की कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अगले दो वर्षों के लिए टीम का नेतृत्व करेंगे। लॉ ने यूएसए पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में एक यादगार भूमिका का निर्वहन किया है।
लगभग सात महीनों के कार्यकाल में उन्होंने यूएसए की टीम को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 में एक जुझारु टीम के तौर पर स्थापित करने में सफलता हासिल की। घरेलू धरती पर खेले गए टूर्नामेंट में यूएसए ने ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ उलटफेर किया वहीं अपने शुरुआती मैच में कनाडा पर जीत हासिल कर ली थी, जिससे वे सुपर आठ चरण में पहुंचे थे।
56 वर्षीय लॉ ने 1994 से 1999 के बीच 55 मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था। उनके पास कोचिंग का बहुत अनुभव है। उन्होंने पहले यूएसए, श्रीलंका, बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम किया है। नेपाल के साथ लॉ की पहली चुनौती जून में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग 2 त्रिकोणीय श्रृंखला होगी, जहां उनका सामना स्कॉटलैंड और नीदरलैंड से होगा। नेपाल वर्तमान में प्रतियोगिता में आठ टीमों में से 7वें स्थान पर है, जिसने 12 मैचों में से केवल दो जीते हैं। दिसंबर 2026 तक चलने वाली लीग से शीर्ष चार टीमें आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 क्वालीफायर चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी, जबकि नीचे की चार टीमों को क्वालीफायर प्ले-ऑफ से गुजरना होगा।
