
सिंगरौली। भाजपा की घोषित जिला कार्यकारिणी में किन नेताओं के समर्थित पदाधिकारियों को जगह मिली, इस पर पार्टी में जोरदार चर्चा हो रही है। रिपोर्टों के अनुसार सांसद, सिंगरौली एवं सिहावल विधायक के पसंदीदा पदाधिकारी शामिल नहीं हो पाए हैं, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष, राज्य मंत्री, जिलाध्यक्ष और देवसर विधायक के समर्थित कई पदाधिकारी सूची में हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुरेन्द्र बैस, विजया सिंह पटेल, लालपति साकेत, योगेन्द्र द्विवेदी, हर्ष सिंह, रेखा यादव और संदीप झा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतेदव सिंह और राज्य मंत्री राधा सिंह के करीबी माने जा रहे हैं। वहीं पूनम गुप्ता, कृष्ण कुमार कुशवाहा, विनोद चौबे, विक्रम सिंह चंदेल, अंजनी जायसवाल, विजय बैस और आलोक यादव जिलाध्यक्ष के बेहद नजदीक बताए जा रहे हैं। सुमन सिंह, प्रदीप शाह और देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम के पाले के हैं, जबकि प्रीति पनाडिया एवं द्रोपदी सिंह धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम के समर्थित माने जा रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह और सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक से जुड़े पदाधिकारियों को कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली है। यह विषय अब पार्टी के अंदर भी बहस का कारण बन गया है और कार्यकर्ता सूची पर सवाल उठाने लगे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव की दृष्टि से यह कार्यकारिणी तैयार की गई है। कई नेता अपनी राजनीतिक दावेदारी मजबूत करने के लिए अपने समर्थकों को सूची में शामिल कराने में सफल रहे हैं, जबकि अन्य को कमजोर करने का प्रयास भी किया गया है।
