
दमोह। मां बड़ी देवी मंदिर परिसर में शारदीय नवरात्रि पर शक्ति पर्व का भव्य आयोजन हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. समारोह में नरसिंहपुर के लोकगायक सुमित दुबे ने बुंदेली देवी भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया. इसके बाद भोपाल के श्रीलयम नाट्य कलासमिति ने मोहिनीअट्टम, भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नृत्यशैलियों के माध्यम से देवी के विभिन्न स्वरूपों का अद्भुत प्रदर्शन प्रस्तुत किया.
मुंबई के पंडित राजेश मिश्रा ने भक्ति गीतों और भजनों से कार्यक्रम को संवारा, जिसमें गणेश वंदना, कन्या पूजन और राधा-कृष्ण नृत्य भजन शामिल थे.प्रस्तुति ने मां भवानी की भक्ति और शक्ति का अनुभव जनसमूह को कराया. इस सांस्कृतिक संध्या ने देवी आराधना और संगीत-नृत्य के माध्यम से भक्ति रस की गंगा बहाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
