मंडला-जबलपुर के विशेषज्ञों ने दी एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं

नारायणगंज। महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडला जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर उपचार करना था। यह अभियान 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

शिविर में मंडला और जबलपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित सलाह दी। मंडला से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश ठाकुर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रमा पटेल, फिजियोथैरेपिस्ट दीपशिखा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश खरे, जबकि जबलपुर से कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हर्ष, आर्थोपेडिक्स डॉ. सप्रास और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तिशा ने सेवाएं प्रदान कीं ।

स्वास्थ्य शिविर में टीबी, एक्स-रे, हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर जांच और टीकाकरण भी किया गया। मरीजों को पोषण संबंधी मुफ्त परामर्श उपलब्ध कराया गया।

उमंग क्लिनिक के अंतर्गत आए किशोर–किशोरियों को पोषण और व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। माहवारी और सफेद पानी जैसी समस्याओं पर किशोरियों ने खुलकर चर्चा की और उन्हें आगे के उपचार के लिए डॉक्टरों के पास भेजा गया।

आयुष विभाग द्वारा होम्योपैथी और आयुर्वेद पद्धति से उपचार की सुविधा दी गई। शिविर में कुल 196 मरीजों ने पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ उठाया, जिनमें 107 ने होम्योपैथी और 89 ने आयुर्वेदिक उपचार कराया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेज सिंह तराम और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रत्युश हरमित अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

Next Post

बैंक धोखाधड़ी मामले में ED की कार्रवाई 132 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Mon Sep 22 , 2025
भोपाल। बैंक धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय लगातार शिकंजा कस रहा है। एजेंसी ने हाल ही में जूम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र स्थित 1.15 करोड़ रुपये की तीन अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। ईडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा […]

You May Like