पैंतालीस छात्राओं ने सीखा ब्यूटी पार्लर का हुनर

मंडला। मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से शासकीय कला महाविद्यालय बम्हनी बंजर में संचालित ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ के अंतर्गत आयोजित इस अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण में पैंतालीस छात्राओं ने सफलतापूर्वक भाग लेकर ब्यूटी पार्लर संचालन की तकनीकी जानकारी हासिल की।

समापन कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। विशिष्ट अतिथि कला दीर्धा के संचालक सुधीर कांसकार ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए ब्यूटी पार्लर जैसे व्यावसायिक कोर्स अत्यंत उपयोगी हैं, जो छात्राओं को स्व-रोजगार का सशक्त माध्यम प्रदान कर सकते हैं। प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. कुंती बराठे ने बताया कि यह प्रशिक्षण छात्राओं को अध्ययन के साथ-साथ रोजगार की दिशा तय करने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रशिक्षण संस्था सेंटर ऑफ डिस्कवरी फॉर विलेज डेवलपमेंट (सी.डी.वी.डी.) के डायरेक्टर निशार कुरैशी ने छात्राओं को ब्यूटी पार्लर शुरू करने पर संस्था द्वारा सहयोग का आश्वासन दिया। मास्टर ट्रेनर मंगला चौरसिया ने प्रशिक्षणार्थियों को सीखी गई तकनीकों को नियमित अभ्यास में लाने की सलाह दी। प्रशिक्षण में छात्राओं को लाइट मेकअप, थ्रेडिंग, स्पेशल मेकअप, विभिन्न प्रकार की हेयर कटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी और प्रायोगिक अभ्यास कराया गया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. मनीष लांजेवार ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस प्रकार के कोर्स युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण साधन हैं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. रणजीत भालेकर ने किया।

प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं मुस्कान चक्रवर्ती और दीपाली यादव ने बताया कि यह कोर्स उनके जीवन में रोजगार की नई संभावनाएं लेकर आया है। प्रशिक्षार्थी पूनम पाल और साक्षी ने महाविद्यालय एवं सीडीवीडी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे ब्यूटी पार्लर कार्य को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएंगी।

Next Post

जीआरपी की सतर्कता से यात्री को लौटे लाखों के लैपटॉप

Sun Sep 21 , 2025
इंदौर.जीआरपी इंदौर ने एक बार फिर तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री की कीमती वस्तुएं सुरक्षित वापस दिलाईं. प्रयागराज–अंबेडकर नगर एक्सप्रेस के कोच एस-1 में यात्रा कर रहे यात्री का लैपटॉप बैग बर्थ पर छूट गया था. सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैग बरामद कर यात्री को […]

You May Like