
राजगढ़। शनिवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा में कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा. इसमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र सरकार युवा, किसान, गरीबों की चिंता नहीं कर रही है. इन वर्ग को उनका हक नहीं मिल पा रहा है. जबकि कांग्र्रेस ने सत्ता और विपक्ष में रहते हुए हमेशा सबकी चिंता की है. कांग्रेस पार्टी गरीब, किसान, युवाओं की उपेक्षा सहन नहीं करेगी. उनके हक की लड़ाई लड़ेगी.
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह यह धरती पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कर्मभूमि है. श्री सिंह ने नि:स्वार्थ भाव एवं निष्पक्षता के साथ हर वर्ग, दल एवं आमजन की सच्चे मन से सेवा की. इसी तरह जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह भी नि:स्वार्थ भाव से सेवा में लगे हुए है.
एक लक्ष्य सरकार बनाना
प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि एक ही लक्ष्य है सरकार बनाना. 2027 में नगरीय निकाय, पंचायतों में कांग्रेस की सरकार बनाना है. वर्ष 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने तथा वर्ष 2029 में केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ता जी जान से जुट जाये.
राहुल गांधी एक सच्चे नेता-पटवारी
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी एक सच्चे नेता है. जब-जब उन्होंने कोई बात कही वह सही साबित हुई. उन्होंने कोविड को लेकर चेताया पर उनकी बात नहीं सुनी. नोटबंदी को गलत बताया उनकी नहीं सुनी, कृषि कानून, जीएसटी पर भी उन्होंने अपना पक्ष रखा लेकिन उनकी बात नहीं सुनी और आखिरकार सरकार के इन निर्णयों का परिणाम क्या हुआ सबके सामने है. अब राहुल गांधी कह रहे है कि वोट चोरी हो रही है तो इसका जवाब चुनाव आयोग द्वारा नहीं देते हुए भाजपा के लोग दे रहे है. चुनाव आयोग का काम भाजपा के लोग कर रहे है.
जिला कांग्रेसध्यक्ष की ताकत प्रदेशाध्यक्ष से कम नहीं
प्रदेश अध्यक्ष ने मंच से कहा कि हम सभी मंच पर मौजूद नेता आपस में सगे भाई की तरह है. उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष का पॉवर भी प्रदेश अध्यक्ष से कम नहीं है. कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ता ही अहम है.
अपने उद्बोधन में जिला कांग्र्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि सरकार अपनी गलती के नुकसान की भरपाई किसानों से वसूल कर रही है. आज राजगढ़ से शुरु हुआ संघर्ष कांग्रेस पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता वालों को दबाया जा रहा है, उन पर प्रकरण दर्ज कर प्रताड़ित किया जा रहा है.कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और अन्याय और अत्याचार का जवाब दिया जाएगा.
कांग्रेस का जनसैलाब उत्साह का परिणाम -जेवी
पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि दस साल में कांग्रेस ने राजगढ़ में अनेक सभाएं की लेकिन आज जितना जनसैलाब पहले कभी नहीं देखा. यह हमारे नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं एक पूर्व विधायकगण, जनपद सदस्य, जिपं सदस्य, सरपंचगण सहित प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत व उत्साह का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंचायती राज की सुविधा देते हुए पंचायतों को अधिकर दिए. किंतु आज भाजपा के राज में सरपंच, जनपद सदस्य के अधिकर छीन लिए है. जिपं अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, हेमराज कल्पोनी, बापू सिंह तंवर सहित मंचासीन नेतागण द्वारा प्रभावी उद्बोधन देते हुए संबोधित किया गया.
