इंदौर: एयरपोर्ट रोड पर 15 सितंबर की शाम मौत का तांडव मचाने वाले ट्रक ड्राइवर गुलशेर और उसके साथी से पुलिस रिमांड पर लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि गुलशेर का ड्राइविंग लाइसेंस छह साल पहले ही निरस्त हो चुका था, बावजूद इसके वह भारी वाहन चलाता रहा.पुलिस के मुताबिक हादसे वाली रात गुलशेर शराब के नशे में ट्रक लेकर कालानी नगर से बड़ा गणपति तक नो-एंट्री क्षेत्र में दौड़ता रहा.
इस दौरान उसने तीन लोगों की जान ले ली और दर्जनों को घायल कर दिया. चालक के साथ पकड़े गए हेल्पर शंकर से भी पूछताछ की जा रही है. दोनों के खिलाफ अब तक दो प्रकरण दर्ज हो चुके हैं. इधर, मामले में मुख्य जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रक मालिक साहिल खान पिता जफरुद्दीन निवासी तंजीम नगर, खजराना की तलाश में पुलिस टीम सक्रिय है. जानकारी मिली कि साहिल पिछले कुछ समय से धरमपुरी में रह रहा था, लेकिन कल वहां दबिश देने पर मकान पर ताले मिले. बताया जा रहा है कि वह परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गया है. पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है.
