इस्लामाबाद, 19 सितंबर (वार्ता) अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के दक्षिणी-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक विस्फोट में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है और एक अन्य घायल हो गया है।
यह विस्फोट पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर चमन जिले के एक टैक्सी स्टैंड पर हुआ है। रेस्क्यू 1122 के अनुसार पीड़ितों को जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
चमन में सरकारी चिकित्सा आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (एमईआरसी) 1122 के प्रभारी गफूर उर रहमान ने बताया, “घायल व्यक्ति की हालत गंभीर है।”
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच जारी है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विस्फोट की निंदा की है और जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाएंगे और प्रांत को अस्थिर करने के प्रयास को सफल नहीं होने देंगे।
