छतरपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत छतरपुर नगर में दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शहर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 2 में बुधवार सुबह 9 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों को बैसाखी, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, चश्मा, कृत्रिम अंग और चलने में सहायक उपकरण प्रदान किए गए।कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांग और बुजुर्गजन के जीवन को आत्मनिर्भर और सहज बनाना है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समाज के कमजोर वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी करें।इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
