सतना: घर में चोरी करने के लिए घुसे युवक के साथ उस वक्त खेला हो गया जब उसे पलंग के नीचे देख लिया गया। घर के मालिक और मोहल्लेवासियों ने पहले तो उसकी जमकर खातिरदारी की। जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पतेरी निवासी अंश सिंह बघेल घटना कि रात अपने घर लौटे तो उन्हें अंदर किसी की मौजूदगी का आभास हुआ।
उन्होंने पलंग के नीचे टॉर्च मारी तो वहां एक युवक छुपा मिला। पकड़े जाने पर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन अंश सिंह ने उसे धर दबोचा। शोर सुनते ही मोहल्ले के लोग भी जुट गए और चोर की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसा था। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल फोन, दर्जनों चाभियां, बेहोश करने वाले परफ्यूम, पांच सिम कार्ड और ग्वालियर निवासी अरविंद सिंह परिहार के नाम का आधार कार्ड मिला।
मोबाइल का एक बिल भी बरामद हुआ जो अरविंद सिंह गुर्जर के नाम से था। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, पिटाई का यह वीडियो 14 सितंबर का बताया गया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
