सीहोर।एक दिन पहले धर्मांतरण के आरोपी के मकान अवैध निर्माण धराशायी करने वाली नपा की जेसीबी का पंजा दूसरे दिन मंगलवार को भी चला. हालांकि अब स्टेशन रोड स्थित एक मकान के अवैध छज्जे को जमींदोज किया गया.
अवैध अतिक्रमण को लेकर इन दिनों नपा के तेवर अलग ही नजर आ रहे हैं. सोमवार को नगर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में एक मकान का अवैध निर्माण गिराया गया. यह मकान धर्मांतरण के मामले में जेल में बंद जब्बार खान का था. इस कार्रवाई के अगले दिन नपा ने स्टेशन रोड स्थित एक कालोनी में बने मकान के अवैध छज्जे को गिराया.
इस मकान का 10 फिट अतिक्रमण है. इसके अलावा छज्जा भी बाहर निकाल रखा है. इसे लेकर क्षेत्र के लोगों ने नपा में शिकायत की थी. शनिवार को नपा का अमला पहुंचा था तो मकान मालिक ने खुद छज्जे को तोडऩे की मोहलत मांगी थी, लेकिन जब तीसरे दिन भी उसने छज्जा नहीं हटाया तो नपा का अमला जेसीबी लेकर पहुंचा और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई.
साप्तहिक हाट बाजार से हटाया अतिक्रमण
सिद्धिकगंज. रजत जयंती ग्राम में साप्ताहिक हाट बाजार की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने मंगलवार को हटा दिया. ग्राम के युवाओं ने इस संबंध में ग्राम पंचायत को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी. नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सिंह, सिद्धि गंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल, पटवारी रवि सूर्यवंशी, सरपंच महेंद्र सिंह काजले और सचिव जगदीश पाटीदार की मौजूदगी में कार्रवाई की गई.
